Last updated: June 19th, 2026 at 08:53 am

मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में सीधी भर्ती का रास्ता फिर से खोल दिया है। सरकार ने पुलिस भर्ती नियम 2021 में संशोधन करते हुए खेल कोटे के तहत उप निरीक्षक (SI) और आरक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।
नए प्रावधानों के तहत पुलिस विभाग में कुल 10 उप निरीक्षक और 50 आरक्षक पदों पर खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की जाएगी। 2021 के बाद यह पहली बार है जब खेल कोटे की भर्ती प्रक्रिया को फिर से लागू किया जा रहा है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि आगे से यह प्रक्रिया हर साल नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
सरकार का कहना है कि संशोधित नियमों से चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है, जिससे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सरकारी सेवा में अवसर मिल सके।
SI पद के लिए पात्रता
संशोधित नियम 2026 के अनुसार उप निरीक्षक पद के लिए केवल वे खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या पदक जीता हो। इनमें ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन आयोजनों में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक विजेता और प्रतिभागी दोनों को पात्र माना जाएगा।
आरक्षक पद के लिए पात्रता
आरक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेलों और मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती का अवसर मिलेगा। वहीं, जो खिलाड़ी SI पद की योग्यता रखते हैं, वे आरक्षक पद के लिए भी स्वतः पात्र माने जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को खेल के साथ-साथ सरकारी सेवा में भी करियर बनाने का अवसर प्राप्त होगा।
![]()
Comments are off for this post.