Last updated: April 21st, 2026 at 08:35 am

बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन में अचानक दीवार की टाइल्स गिरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंगलवार को टर्मिनल के अराइवल एरिया में लगे टाइल्स अचानक उखड़कर जमीन पर गिर गए। इस घटना में एक सेफ्टी स्टील रॉड को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि वहां मौजूद किसी भी यात्री या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टाइल्स गिरने की आवाज से लोग घबरा गए और कुछ समय के लिए स्थिति को समझ नहीं पाए। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और इलाके को सुरक्षित कर दिया।
गौरतलब है कि इस आधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन करीब 11 महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टर्मिनल को यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसकी क्षमता एक करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने की है।
इस घटना के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इतने कम समय में टाइल्स का इस तरह गिरना कहीं न कहीं निर्माण कार्य में खामी की ओर इशारा करता है।
फिलहाल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही तकनीकी जांच के बाद कारण स्पष्ट होगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
![]()
Comments are off for this post.