Last updated: July 26th, 2026 at 12:24 pm

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को सौंप दी है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और अगले आदेश तक प्रल्हाद जोशी शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
प्रल्हाद जोशी वर्तमान में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ-साथ नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अब उन्हें शिक्षा मंत्रालय का दायित्व भी सौंपा गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रल्हाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस दायित्व को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं और वह प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा छात्र आंदोलन भी समाप्त हो गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठन के प्रतिनिधियों ने नए शिक्षा मंत्री से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने और छात्रों से जुड़े सुधारों को प्राथमिकता देने की अपील की है।
अब शिक्षा मंत्रालय के सामने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों का भरोसा मजबूत करने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी।
![]()
Comments are off for this post.