Last updated: August 21st, 2026 at 07:01 am

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द हो गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, विदेश मंत्रालय से जरूरी मंजूरी नहीं मिलने के कारण तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका जाने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं। अब अमेरिका जाने के बजाय उनके सीधे हैदराबाद लौटने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी वापसी 23 अगस्त के आसपास हो सकती है।
CMO ने केंद्र पर लगाया अनुमति नहीं देने का आरोप
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद प्रस्तावित US दौरा रद्द करने का फैसला लिया गया।
हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहले UK और US दोनों देशों का था कार्यक्रम
रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को लंदन पहुंचे थे। उनके UK दौरे में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के ब्लावात्निक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल से जुड़े कार्यक्रम शामिल थे।
इसके बाद 24 अगस्त से अमेरिका का दौरा प्रस्तावित था। कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT के साथ बैठकों में हिस्सा लेना था। इसके अलावा बोस्टन में वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी की टीम से बातचीत और न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अमेरिकी चैप्टर के कार्यक्रम में शामिल होने की योजना थी।
अधिकारियों को तय कार्यक्रम आगे बढ़ाने के निर्देश
अमेरिका दौरा रद्द होने के बावजूद तेलंगाना सरकार के अधिकारियों को कुछ पहले से निर्धारित बैठकों और समझौतों से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने को कहा गया है। सरकार की ओर से विदेश दौरे के दौरान निवेश और राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर संपर्क बढ़ाने की योजना बनाई गई थी।
दिल्ली में CWC बैठक के बाद शुरू हुआ था विदेशी दौरा
रेवंत रेड्डी 19 अगस्त को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद 20 अगस्त से उनका ब्रिटेन दौरा शुरू हुआ।
अब अमेरिका जाने का कार्यक्रम रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री के लंदन से ही भारत लौटने की तैयारी है। इस घटनाक्रम ने तेलंगाना और केंद्र के बीच राजनीतिक खींचतान को भी चर्चा में ला दिया है।
![]()
Comments are off for this post.