Last updated: May 29th, 2026 at 04:31 pm

पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सिंगापुर दौरे से पहले बिहार की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश जा रहे लालू यादव को लेकर लगातार अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अफवाह फैलाने वालों पर निशाना साधा है।
जानकारी के अनुसार, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने लालू यादव को नियमित मेडिकल फॉलोअप कराने की सलाह दी थी। अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिलने और पासपोर्ट जारी होने के बाद उनका सिंगापुर दौरा तय हुआ है।
हाल के दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि लालू यादव अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को मनाने और उन्हें विधान परिषद चुनाव लड़ाने को लेकर सिंगापुर जा रहे हैं। इन खबरों के सामने आने के बाद रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
रोहिणी ने कुछ स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि गलत मंशा रखने वाले लोग फिर से बेनकाब होंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक साजिश के तहत उनके चुनाव लड़ने की झूठी खबरें फैला रहे हैं। रोहिणी के मुताबिक इससे पहले भी उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी, लेकिन हर बार सच सामने आया।
उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी लालच या पद के लिए राजनीति नहीं करतीं और हमेशा गलत बातों के खिलाफ आवाज उठाती रहेंगी। रोहिणी ने साफ किया कि अफवाहों और झूठे प्रचार का उनकी छवि पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।
इधर, हाल ही में तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव के जन्मदिन समारोह को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं। कार्यक्रम में लालू परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद थे, लेकिन रोहिणी आचार्य शामिल नहीं हुई थीं। इसके बाद परिवार के भीतर नाराजगी की अटकलें और तेज हो गई थीं।
अब लालू यादव के सिंगापुर रवाना होने और रोहिणी के बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
![]()
Comments are off for this post.