Last updated: June 15th, 2026 at 11:37 am

पटना में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद जेल से रिहा होने के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। जेल से बाहर आते ही उन्होंने खान सर उर्फ फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई सनसनीखेज दावे किए।
रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि उन्हें एक बयान के कारण साजिश के तहत फंसाया गया और उनके खिलाफ गलत तरीके से मामला दर्ज किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके भाई की हत्या साजिश के तहत कराई गई और जेल में उनकी जान लेने की कोशिश भी की गई।
उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है और इसमें निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की जरूरत है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस मामले में पहले से विवादों में रहे खान सर को लेकर भी कई आरोप लगाए गए हैं। रौशन आनंद का कहना है कि 2 जून को हुई फायरिंग की घटना से जुड़े आरोप भी गलत तरीके से पेश किए गए और वास्तविकता को छिपाने की कोशिश की गई।
इस पूरे विवाद में एक और मोड़ तब आया जब नेपाल के विराटनगर स्थित होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रिंस यादव इस मामले से जुड़े एफआईआर में नामजद आरोपी थे और फरार चल रहे थे। उनकी मौत की जांच नेपाल पुलिस कर रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
इस प्रकरण पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेज प्रताप यादव ने भी इस मामले में बयान देते हुए कहा था कि प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान सर की कोचिंग संस्थान और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच विवाद के बाद फायरिंग, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
![]()
Comments are off for this post.