Last updated: November 7th, 2026 at 05:45 am

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। फिल्म के एक सीन में भगवा रंग के कपड़ों को लेकर दिल्ली के बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस सीन को सनातन धर्म की आस्था से जोड़ते हुए फिल्म के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
बीजेपी विधायक रविंदर नेगी का आरोप है कि फिल्म में जानबूझकर भगवा रंग का इस्तेमाल किया गया है, ताकि हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा सके। उन्होंने सवाल उठाया कि फिल्म में दूसरे रंगों के बजाय भगवा रंग के कपड़ों को ही क्यों चुना गया?
नेगी ने इस मामले की तुलना शाहरुख खान की तीन साल पहले आई फिल्म ‘पठान’ से भी की। उन्होंने कहा कि उस फिल्म में भी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भगवा रंग की बिकिनी में नजर आई थीं और अब फिल्म ‘किंग’ में भी इसी तरह का रंग इस्तेमाल किया जा रहा है।
बीजेपी विधायक ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए उनके खिलाफ विवादित टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि देश में रहकर और यहां की फिल्मों से कमाई करने के बावजूद हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान किया जा रहा है।
रविंदर नेगी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर फिल्म से विवादित सीन नहीं हटाया गया तो इसका बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि सीन हटाए बिना फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।
फिलहाल फिल्म के इस सीन को लेकर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि फिल्म निर्माता इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या फिल्म की रिलीज से पहले इस सीन में कोई बदलाव किया जाता है।
![]()
Comments are off for this post.