Human Live Media

HomeNewsसोनिया गांधी की किताब में संजय गांधी और मेनका गांधी के रिश्तों पर खुलासा, बताया कैसे बदलने लगा था परिवार का माहौल

सोनिया गांधी की किताब में संजय गांधी और मेनका गांधी के रिश्तों पर खुलासा, बताया कैसे बदलने लगा था परिवार का माहौल

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
Sonia-Gandhi-Book-1794309875048

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इस संस्मरण में सोनिया गांधी ने अपने परिवार से जुड़े कई ऐसे पुराने किस्सों का जिक्र किया है, जो अब तक सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं रहे थे। इसी कड़ी में उन्होंने अपने जेठ संजय गांधी और उनकी पत्नी मेनका गांधी के रिश्ते, शादी और गांधी परिवार के भीतर बदलते माहौल को लेकर कई अहम बातें लिखी हैं। सोनिया के इन खुलासों में इंदिरा गांधी की चिंताओं से लेकर संजय और मेनका के बीच बढ़ते मतभेदों तक का जिक्र है।

Table of Contents

    कैसे शुरू हुई थी संजय और मेनका की प्रेम कहानी?

    सोनिया गांधी के मुताबिक, संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से 1973 के आखिरी महीनों में हुई थी। दोनों की मुलाकात संजय के एक स्कूली दोस्त की सगाई के दौरान हुई थी। उस समय मेनका संजय से करीब 10 साल छोटी थीं। वह सेना के एक अधिकारी की बेटी थीं और दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं। इसके साथ ही वह मॉडलिंग की दुनिया में भी कदम रख चुकी थीं।

    सोनिया ने लिखा है कि रिश्ते की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद संजय गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी से शादी करने की इच्छा जाहिर कर दी थी। यह सुनकर इंदिरा गांधी हैरान रह गई थीं, क्योंकि संजय ने इससे पहले भी अपनी महिला मित्रों से परिवार को मिलवाया था, लेकिन शादी की बात पहली बार सामने आई थी।

    इंदिरा गांधी ने संजय को जल्दबाजी न करने की सलाह दी थी। उस समय मेनका की उम्र भी शादी के लिए कानूनी रूप से निर्धारित न्यूनतम उम्र से कम थी। इसके अलावा इंदिरा को दोनों की उम्र में अंतर को लेकर भी चिंता थी। सोनिया के अनुसार, इंदिरा को यह जानकारी भी मिली थी कि मेनका की मां अमतेश्वर आनंद शादी की तारीख तय करने के लिए संजय पर दबाव बना रही थीं।

    शादी के बाद कैसा था मेनका और सोनिया का रिश्ता?

    संजय गांधी की जिद के आगे आखिरकार परिवार तैयार हो गया और दोनों की सगाई के बाद सितंबर 1974 में शादी हो गई। सोनिया गांधी ने मेनका को याद करते हुए लिखा है कि वह बेहद जिंदादिल, बातूनी और उत्साह से भरी हुई लड़की थीं। उन्हें मेनका की बातें सुनना अच्छा लगता था। यहां तक कि प्रियंका गांधी भी अक्सर मेनका के कमरे में बैठकर उनसे कहानियां सुना करती थीं।

    हालांकि, समय के साथ परिवार के भीतर रिश्तों में खटास आने लगी। सोनिया ने बताया कि गांधी परिवार में उन्हें ‘बहूरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहूरानी’ कहा जाता था। सोनिया के लिए दोनों की जगह परिवार में बराबर थी, लेकिन उन्हें लगता था कि मेनका इस संबोधन को अपमानजनक समझती थीं।

    सोनिया के मुताबिक, कई बार मेनका का व्यवहार उनके प्रति रूखा होता था। वह परिवार में शांति बनाए रखने के लिए चुप रहती थीं, लेकिन जब बात हद से आगे बढ़ जाती थी तो वह भी जवाब देने से पीछे नहीं हटती थीं।

    संजय और मेनका के बीच भी बढ़ने लगे थे मतभेद

    सोनिया गांधी ने अपनी किताब में यह भी बताया है कि समय के साथ संजय और मेनका के रिश्तों में भी तनाव दिखाई देने लगा था। दोनों के बीच कई बार तेज आवाज में बहस होती थी। सोनिया के मुताबिक, गुस्से में मेनका अपशब्दों का इस्तेमाल भी करती थीं और कभी-कभी इंदिरा गांधी के सामने भी ऐसा व्यवहार करती थीं।

    उन्होंने लिखा कि संयुक्त परिवार में रहना मेनका के लिए आसान नहीं रहा होगा। संजय गांधी अपने कार प्रोजेक्ट में व्यस्त रहते थे, इंदिरा गांधी का अधिकांश समय सरकारी कामकाज में गुजरता था, जबकि राजीव गांधी पायलट थे और सोनिया घर तथा बच्चों की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती थीं। ऐसे में परिवार का माहौल मेनका को नीरस और अनुशासन से भरा महसूस होता होगा।

    बाद में मेनका ने संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू किया। इसी दौरान उन्होंने ‘सूर्या’ नाम की एक मैगजीन भी शुरू की, जिसमें उनकी मां निदेशक और मेनका संपादक थीं।

    आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी क्यों हुई थीं चिंतित?

    सोनिया गांधी ने किताब में आपातकाल के दौर का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, उस समय संजय गांधी के काम करने के तरीके से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नाराज थे। उन पर मनमाने ढंग से फैसले लेने और अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल करने के आरोप लग रहे थे।

    सोनिया ने लिखा है कि इंदिरा गांधी को मेनका की भूमिका को लेकर भी चिंता होने लगी थी। उनका मानना था कि संजय को समझाने के बजाय मेनका उनके व्यवहार को प्रोत्साहित कर रही थीं और कई बार उनके राजनीतिक कामों में भी शामिल रहती थीं।

    किताब में सोनिया ने यह भी बताया है कि इंदिरा गांधी ने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने मेनका के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि उसके अभी से पर निकलने लगे हैं। सोनिया गांधी के इन संस्मरणों के सामने आने के बाद अब एक बार फिर गांधी परिवार के पुराने रिश्तों और राजनीतिक इतिहास को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

    Loading

    Comments are off for this post.