Last updated: October 27th, 2026 at 06:41 am

मोकामा विधायक अनंत सिंह को JDU से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने और उनकी पत्नी नीलम देवी पर कार्रवाई के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस पूरे घटनाक्रम पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पहले की गई भविष्यवाणियां सच साबित हो रही हैं। उन्होंने 2024 के विश्वास मत के दौरान पार्टी छोड़ने वाले विधायकों का जिक्र करते हुए JDU और बीजेपी पर भी निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब बिहार विधानसभा में विश्वास मत चल रहा था, तब RJD के तीन विधायकों नीलम देवी, चेतन आनंद और प्रह्लाद यादव ने पार्टी से अलग रुख अपनाया था। उस समय भी उन्होंने चेतावनी दी थी कि समय आने पर इन नेताओं को अपने फैसलों का परिणाम देखने को मिलेगा। तेजस्वी ने दावा किया कि आज आनंद मोहन परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला और अनंत सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई हो रही है।
तेजस्वी ने कहा कि उस समय कही गई उनकी बातें अब सही साबित हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही नीतीश कुमार की राजनीतिक स्थिति और भविष्य को लेकर सवाल उठाए थे। तेजस्वी के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा और JDU की स्थिति कमजोर होगी।
‘बीजेपी ने नीतीश कुमार का इस्तेमाल किया’
RJD नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में वोट हासिल करने के लिए नीतीश कुमार का इस्तेमाल किया। उन्होंने JDU में जारी राजनीतिक खींचतान का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी अब बीजेपी के प्रभाव में काम कर रही है। तेजस्वी ने JDU नेतृत्व पर पार्टी को कमजोर करने और निजी स्वार्थ के लिए काम करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि जिनके चेहरे पर NDA चुनाव लड़ रहा था, उनके नेतृत्व में गठबंधन को 10 सीटें भी नहीं मिलतीं। तेजस्वी ने JDU को बीजेपी का एक प्रकोष्ठ बताते हुए पार्टी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
अनंत सिंह की RJD में एंट्री पर क्या बोले तेजस्वी?
अनंत सिंह के RJD में शामिल होने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से किसी को कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है। इस बयान के बाद अनंत सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर जारी चर्चाओं पर फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।
खरगे के बयान पर विवाद को बताया ‘बात का बतंगड़’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर चल रहे विवाद पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले को जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है और सरकार में बैठे लोग जनता के मुख्य मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार को विशेष पैकेज, बाढ़ और सुखाड़ जैसी समस्याओं के लिए पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ने का दावा करते हुए सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
अपने बयान के अंत में तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘दो नंबरी सरकार’ कहा और मुख्यमंत्री के लिए ‘10 नंबरी’ शब्द का इस्तेमाल किया। उनके इस बयान से बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव और तेज होने के संकेत मिले हैं।
![]()
Comments are off for this post.