Last updated: November 21st, 2026 at 10:50 am

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच को कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों को नेपाल ले जाया गया था। वहां उनके ठहरने और घटना के बाद छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाने की व्यवस्था की गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें पहले नेपाल ले जाकर 3 से 4 दिनों तक रखा गया था। इस दौरान उन्हें समझाया गया कि फायरिंग करने के बाद उन्हें इसी रास्ते से नेपाल पहुंचना है। वहां से गैंग के सदस्य उन्हें किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर ले जाते, ताकि भारतीय जांच एजेंसियों की पकड़ से बचा जा सके।
जांच के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ऋतिक कुमार, फूलसिंह नरेश और रेहान अंसारी उर्फ सुक्का नेपाल के रास्ते भागकर राजस्थान के कोटा पहुंचे थे। हालांकि, यहां कोटा पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल ग्राउंड के बाहर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलीबारी की गई थी। पुलिस जांच में इस मामले के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई थी।
जांच के अनुसार, टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद मैदान से बाहर निकल रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। वहीं, उनका एक अन्य साथी मोटरसाइकिल लेकर कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था, ताकि वारदात के बाद सभी आसानी से फरार हो सकें।
मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और एफआईआर के आधार पर घटनाक्रम को दोबारा तैयार किया। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी पर पांच राउंड फायरिंग की थी। बताया गया कि इस दौरान एक हथियार जाम भी हो गया था।
फिलहाल, क्राइम ब्रांच इस पूरे नेटवर्क, नेपाल में बनाए गए ठिकानों और आरोपियों की मदद करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
![]()
Comments are off for this post.