Last updated: November 21st, 2026 at 10:24 am

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे उनके सबसे छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां और साधु-संत मौजूद रहे।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8:50 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई थी। करीब 11:40 बजे पार्थिव शरीर हरिद्वार के चंडीघाट श्मशान घाट पहुंचा। अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रखा गया, जहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई नेताओं सहित संतों ने उन्हें नमन किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी मां को अंतिम विदाई दी। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मां को आखिरी विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी गमगीन नजर आए।
बता दें कि सावित्री देवी ने शुक्रवार को अपने पैतृक आवास पंचूर में अंतिम सांस ली थी। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे कर उत्तराखंड के लिए रवाना हुए थे।
सावित्री देवी के निधन से परिवार में शोक की लहर है। शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
![]()
Comments are off for this post.