Last updated: July 16th, 2026 at 11:01 am

बिहार की राजनीति में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मुकेश सहनी के करीबी माने जाने वाले मधुकर आनंद ने वीआईपी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। उनके साथ उनकी पत्नी एवं फतुहा प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री भी बीजेपी में शामिल हो गईं।
पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मधुकर आनंद के आने से पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।
बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मधुकर आनंद ने वीआईपी छोड़ने के कारणों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर काम करने की संभावनाएं खत्म हो चुकी थीं और मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें अपना राजनीतिक भविष्य सुरक्षित नहीं दिख रहा था। इसी वजह से उन्होंने नया राजनीतिक रास्ता चुनने का फैसला लिया।
मधुकर आनंद ने महागठबंधन में वीआईपी के शामिल होने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही मुकेश सहनी को इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की सलाह दी थी। उनके अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ जाने का फैसला पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हुआ और आज उसके परिणाम सामने हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अब वह पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए काम करेंगे। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
मधुकर आनंद के भाजपा में शामिल होने के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम वीआईपी के संगठनात्मक ढांचे पर असर डाल सकता है और आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर अन्य राजनीतिक बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।
![]()
Comments are off for this post.