Last updated: July 10th, 2026 at 08:22 am

ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जारी है। छह दिवसीय राजकीय अंतिम संस्कार के तहत उनका पार्थिव शरीर बुधवार को इराक के पवित्र शहर नजफ स्थित इमाम अली की दरगाह पहुंचा, जहां हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, पार्थिव शरीर को इमाम अली की दरगाह ले जाया गया, जिसके बाद अंतिम यात्रा कर्बला के लिए रवाना हुई। कर्बला में इमाम हुसैन और हजरत अब्बास की दरगाहों पर श्रद्धांजलि देने के बाद शव को ईरान वापस लाया जाएगा। गुरुवार सुबह मशहद में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
नजफ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, खामेनेई के परिवार के सदस्यों और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पार्थिव शरीर का स्वागत किया। अंतिम यात्रा के दौरान इराक और ईरान के हजारों नागरिक जुलूस में शामिल हुए। इस अवसर पर इराक सरकार ने सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया।
ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति रजा अरेफ ने अंतिम संस्कार समारोह की मेजबानी के लिए इराकी सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नजफ और कर्बला में आयोजित यह अंतिम यात्रा दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।
गौरतलब है कि इस वर्ष की शुरुआत में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी, जिसके बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया। उनकी मृत्यु के बाद मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया है।
इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी कूटनीतिक प्रयासों को समाप्त मानते हुए कहा है कि वह अब तेहरान के साथ किसी भी प्रकार की बातचीत के पक्ष में नहीं हैं। उनके इस बयान से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
![]()
Comments are off for this post.