Last updated: July 18th, 2026 at 12:22 pm

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके साथ ही पार्टी पंजाब में भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
हाजीपुर स्थित बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी अब बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में संगठन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की चुनावी रणनीति पर उन्होंने कहा कि पार्टी “पंडित से लेकर पासवान” तक सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रही है। उनके मुताबिक, पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत करना है।
इस दौरान चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश के मौलाना जर्जिस के विवादित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या आस्था पर टिप्पणी करते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए और चुनावी माहौल में भड़काऊ बयानों से बचना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से ऐसे बयानों को नजरअंदाज कर देश के विकास पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
पार्टी विस्तार को लेकर उन्होंने बताया कि झारखंड और नागालैंड के बाद अब उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब दौरे के दौरान अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर चुनावी अभियान की शुरुआत की जाएगी।
चिराग पासवान ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वैशाली में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
![]()
Comments are off for this post.