Last updated: July 30th, 2026 at 11:12 am

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा पर संकट बना हुआ है। खराब मौसम के चलते गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी केदारनाथ यात्रा शुरू नहीं हो सकी। सबसे अधिक असर केदारनाथ धाम की यात्रा पर पड़ा है, जहां गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की वजह से बंद है।
प्रशासन के अनुसार गौरीकुंड और छोड़ी क्षेत्र में भारी मलबा और बोल्डर गिरने से पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित है। वहीं सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटर मार्ग पर मुंकटिया के पास भी लगातार पत्थर गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सुरक्षा कारणों से यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल सहित अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने और राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इस बीच बद्री-केदार मंदिर समिति की बैठक में यात्रा दोबारा शुरू करने पर चर्चा की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक यात्रा बहाल करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा से जुड़े ताजा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
![]()
Comments are off for this post.