Last updated: November 7th, 2026 at 06:13 am

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे SIR को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी हार का ठीकरा कभी EVM पर फोड़ता है, तो कभी मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर सवाल उठाने लगता है। इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर करने की कोशिश हो रही है।
कांग्रेस की हार पर भाजपा का तंज
शुक्रवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुकांत मजूमदार ने विपक्ष की तुलना हिटलर के प्रचार मंत्री गोएबल्स की नीति से की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार झूठे दावों को दोहराकर उन्हें सच साबित करने की कोशिश कर रही है।
मजूमदार ने दावा किया कि 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस 56 बार चुनाव हार चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद पार्टी को कभी EVM तो कभी SIR में खामियां नजर आने लगती हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस पर ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’ वाली कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।
SIR में नाम हटाने के आंकड़ों पर क्या बोले मंत्री?
विशेष गहन पुनरीक्षण का बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में यह प्रक्रिया 12वीं बार कराई जा रही है। उनके अनुसार, इससे पहले 10 बार कांग्रेस शासन के दौरान भी SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने के विपक्ष के दावों पर उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि लगभग 6.3 करोड़ लोग अपना निवास स्थान बदल चुके हैं, 2.8 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है और करीब तीन करोड़ लोग सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले। इसके अलावा लगभग एक करोड़ डुप्लिकेट नाम भी सामने आए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है या एक ही व्यक्ति का नाम कई जगह दर्ज है, तो ऐसे नाम मतदाता सूची में क्यों बने रहने चाहिए?
चुनाव आयोग के अधिकारों का भी किया जिक्र
सुकांत मजूमदार ने SIR की प्रक्रिया को संवैधानिक बताते हुए कहा कि संविधान के अनुच्छेद 324 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत चुनाव आयोग को मतदाता सूची के पुनरीक्षण का अधिकार मिला हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी इसमें भाग ले रहे हैं। मंत्री ने यह भी दावा किया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष की दलीलें खारिज हो चुकी हैं।
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोप पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मजूमदार ने उन्हें बचकाना करार दिया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी से पूछा जाता है कि आखिर वोट चोरी कैसे हुई, तो वह इसके जवाब में अपनी ‘फीलिंग’ की बात करते हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल तो उठा रहा है, लेकिन अपने दावों के समर्थन में ठोस सबूत नहीं दे पा रहा है।
2029 चुनाव को लेकर भी किया बड़ा दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुकांत मजूमदार ने विपक्ष पर एक और तंज कसते हुए कहा कि विदेश यात्राएं करने से चुनाव नहीं जीते जाते, बल्कि इसके लिए जनता का विश्वास हासिल करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता विकास के साथ है और 2029 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव भी मौजूद रहे। SIR को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच जारी यह राजनीतिक टकराव आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।
![]()
Comments are off for this post.