Last updated: September 9th, 2025 at 04:13 am

सासाराम। जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में विधि-व्यवस्था, भूमि विवाद, खनन, उत्पाद एवं अभियोजन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, अंचलाधिकारी, सहायक निदेशक खनन एवं भूतत्व विभाग, सहायक आयुक्त उत्पाद तथा सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में आगामी दुर्गा पूजा-2025 एवं बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को देखते हुए विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार और चुनाव साथ होने के कारण प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
बैठक के प्रमुख निर्देश
1. दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण – सभी अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष संयुक्त रूप से पंडाल स्थलों का निरीक्षण करेंगे। विवादित स्थलों की पहचान कर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा।
2. अर्धसैनिक बलों का ठहराव – चुनाव को लेकर पहले से चिन्हित 125 स्थलों पर पेयजल, बिजली, सड़क, भवन एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
3. असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई – सभी थानाध्यक्ष एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र में चिन्हित अपराधियों के खिलाफ धारा 107 व सीसीए के तहत प्रस्ताव भेजेंगे।
4. शस्त्र सत्यापन – विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्धारित तिथि तक शस्त्र सत्यापन कार्य पूर्ण कराना होगा।
5. पूजा समितियों की सूची – पिछले वर्ष और इस वर्ष की पूजा समितियों की अद्यतन सूची 15 सितंबर तक उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हर समिति के साथ एक दंडाधिकारी की नियुक्ति अनिवार्य होगी।
6. संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी – लाइसेंसधारी समितियों के साथ समन्वय कर संवेदनशील पंडालों पर सीसीटीवी लगाया जाएगा। मूर्ति विसर्जन के दौरान हथियारों का प्रदर्शन और डीजे बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
7. नए रास्ते से विसर्जन पर रोक – सभी समितियों को निर्देश दिया गया कि मूर्ति विसर्जन पूर्व निर्धारित मार्ग से ही किया जाए। प्रत्येक समिति अपने वॉलंटियरों की सूची और पहचान पत्र उपलब्ध कराएगी।
डीएम और एसपी ने कहा कि त्योहार और चुनाव दोनों ही बड़े आयोजन हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रहे।
![]()
No Comments