Last updated: September 10th, 2025 at 04:11 am

सासाराम , रोहतास: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदर्श आचार संहिता, प्रशिक्षण व्यवस्था, नक्शा एवं रूट चार्ट और मीडिया-सह-एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी) कोषांग की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समय पर पूरे होने चाहिए।
प्रशिक्षण कोषांग : मास्टर ट्रेनर तैयार कराए जाएंगे, गुणवत्तापूर्ण सामग्री पर जोर
बैठक में सबसे पहले प्रशिक्षण कोषांग की समीक्षा की गई। इसके नोडल पदाधिकारी श्री मदन राय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास को निर्देश दिया गया कि वे शीघ्र प्रशिक्षण कैलेण्डर तैयार करें। साथ ही मास्टर ट्रेनरों की सूची बनाकर उन्हें प्रशिक्षित किया जाए। डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण स्थल पर कार्मिकों की सुविधा हेतु चाय-पानी जैसी बुनियादी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
आदर्श आचार संहिता कोषांग : राजनीतिक दलों से बैठक अनिवार्य
जिला पंचायत राज पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी आदर्श आचार संहिता कोषांग श्री उपेन्द्र सिंह को डीएम ने निर्देश दिया कि प्रेस नोट जारी होने से पहले राजनीतिक दलों के साथ बैठक की जाए। बैठक में उन्हें सिंगल विंडो सिस्टम, वाहन की अनुमति, संपत्ति विरूपण और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। डीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होते ही हर राजनीतिक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
मीडिया कोषांग : पेड न्यूज और ओपिनियन पोल पर निगरानी
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग श्री आशीष रंजन को प्रचार-प्रसार संबंधी गतिविधियों की कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया गया। उन्हें कहा गया कि राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रचार में पेड न्यूज की पहचान व निर्धारण सुनिश्चित करें। साथ ही न्यूज के प्रमाणीकरण, नियमित अंतराल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, ओपिनियन पोल, एग्जिट पोल, Bulk SMS और Voice Message की भी गहन मॉनिटरिंग की जाए। डीएम ने दोहराया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का आचार संहिता उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रूट चार्ट कोषांग : मतदान कर्मियों की आवाजाही में न हो बाधा
बैठक में जिला विकास पदाधिकारी श्री दीपचंद्र जोशी को यह जिम्मेदारी दी गई कि वे मतदान कर्मियों की आवाजाही के लिए रूट चार्ट तैयार करें। इसमें डिस्पैच सेंटर से मतदान केंद्र तक और मतदान केंद्र से बज्रगृह तक पहुंचने की सटीक योजना शामिल हो। डीएम ने कहा कि मतदान दलों की आवाजाही की पूरी व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित हो ताकि कहीं भी असुविधा या विलंब की स्थिति न बने।
समयबद्धता और पारदर्शिता पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने बैठक के अंत में सभी नोडल अधिकारियों को सख्त संदेश दिया कि निर्वाचन संबंधी हर कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता पर होगा और सभी तैयारियों में पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।
![]()
No Comments