Last updated: September 21st, 2025 at 03:02 am

कोचस (रोहतास), शनिवार। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को नगर पंचायत कोचस क्षेत्र के मध्य विद्यालय परसियां परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा— ‘एक पेड़ माँ के नाम’, जिसके माध्यम से नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी वार्ड पार्षद, पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी माताओं की स्मृति और सम्मान में पौधे लगाए।
विद्यालय का वातावरण हरियाली के संकल्प से सराबोर हो गया। ग्रामीण जनता, शिक्षक, छात्र और छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की और दर्जनों पौधे रोपे।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने कहा, “पेड़ लगाना केवल पर्यावरण ही नहीं बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। नगर पंचायत इस मुहिम को लगातार गति देगा और प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कराया जाएगा।”
उपमुख्य पार्षद स्नेहा कुमारी ने कहा, “‘एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ अभियान नहीं बल्कि भावनाओं से जुड़ा संदेश है। हर नागरिक को अपनी माँ की स्मृति और सम्मान में एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। यही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी सौगात होगी।”
इस दौरान कमलेश कश्यप समेत कई जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बच्चों ने भी पौधे लगाकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी है।
लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और कोचस नगर पंचायत को हरित और स्वच्छ बनाने में अपना योगदान देंगे।
![]()
No Comments