Last updated: October 4th, 2025 at 03:37 pm

मुख्यमंत्री ने दीदियों के खाते में भेजे 2500 करोड
25 लाख महिलाओं को 10-10 हजार की राशि, रोहतास की 1 लाख दीदियों को मिला 100 करोड़
सासाराम रोहतास। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को राज्यभर की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 2500 करोड़ रुपये की राशि अंतरण की। प्रत्येक लाभुक महिला को स्वरोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की राशि दी गई। इसमें अकेले रोहतास जिले की करीब 1 लाख महिलाओं को 100 करोड़ रुपये का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राशि का अंतरण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी सहित अन्य मंत्रीगण भी मौजूद रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम सासाराम के डीआरडीए सभागार में आयोजित हुआ। इसमें लाभुक महिलाएं एवं जीविका समूह से जुड़ी दीदियां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ीं।
2.70 लाख लाभुक हो चुकी हैं शामिल
रोहतास जिले में अब तक मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जुड़ी महिलाओं की संख्या बढ़कर 2 लाख 70 हजार हो गई है। जिला परियोजना प्रबंधक जीविका सुधीर बहादुर ने बताया कि योजना की पहली किस्त के रूप में महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। आगे स्वरोजगार के मूल्यांकन और आवश्यकता के अनुसार प्रत्येक लाभुक को अधिकतम 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। कई दीदियों ने इस योजना से प्राप्त राशि से स्वरोजगार की शुरुआत भी कर दी है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल
जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि इस योजना से महिलाओं को न केवल स्वरोजगार का अवसर मिलेगा बल्कि आत्मनिर्भरता और गरिमा के साथ आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। जिले के सभी 19 प्रखंड मुख्यालय, 43 संकुल स्तरीय संघ, 1752 ग्राम संगठन एवं पंचायत भवनों में यह कार्यक्रम लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रसारित किया गया। इसमें लगभग 2 लाख से अधिक जीविका एवं गैर जीविका महिलाओं ने प्रोजेक्टर, टीवी, टैब और मोबाइल फोन के जरिए सहभागिता की।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडे, डीपीएम सुधीर बहादुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं जीविका समूह की महिलाएं मौजूद थीं।
![]()
No Comments