Last updated: October 6th, 2025 at 04:57 pm

निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता — डीएम
रोहतास, 6 अक्टूबर । जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा सोमवार को विधि-व्यवस्था एवं आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी एसडीएम, सीओ, पुलिस अधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक संवेदनशील और अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (एमसीसी) के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आचार संहिता लागू होने के बाद प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसलिए सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, निर्वाचन कार्य के लिए एक व्यवस्थित शिड्यूल तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा किया जाए। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प और प्रकाश जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी मतदान केन्द्रों का सत्यापन कर लें। यदि किसी केंद्र पर सुविधा की कमी पाई जाए तो उसे तत्काल पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान केन्द्रों का नक्शा, नजरी नक्शा, गुगल मैप और सीएडी मैप तैयार कर लिया जाए, जिसमें अक्षांश एवं देशांतर अद्यतन रहें।
विशेष श्रेणी के मतदान केन्द्रों की पहचान कर वहां सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का भी निर्देश दिया गया ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही जिलास्तर, आरओ स्तर, एआरओ स्तर एवं पोलिंग स्टेशन स्तर पर कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों के आवास स्थलों पर प्रकाश, बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। सीओ और थाना प्रभारी स्वयं स्थलों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करेंगे।
बैठक के दौरान विभिन्न कोषांगों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल निर्वाचन संपन्न कराने का आह्वान किया।
![]()
No Comments