Last updated: April 15th, 2026 at 11:29 am

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी को एक तरफ जहां बधाइयां मिल रही हैं, वहीं विपक्ष लगातार उन पर सवाल भी उठा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सम्राट चौधरी को बधाई दी, लेकिन उनके संदेश में तंज भी साफ झलकता नजर आया। उन्होंने सम्राट चौधरी को ‘सेलेक्टेड मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि उन्होंने ‘इलेक्टेड मुख्यमंत्री’ नीतीश कुमार को हटाने की अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर ली है।
तेजस्वी यादव ने इसके साथ ही एनडीए सरकार के पिछले कार्यकाल पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि करीब 21 वर्षों के शासन के बावजूद बिहार कई महत्वपूर्ण मानकों पर राष्ट्रीय औसत से पीछे है।
नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश और पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अपने बयान में उन्होंने नई सरकार को इन चुनौतियों से निपटने की सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस ‘कड़वे सच’ को समझते हुए ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे।
तेजस्वी यादव ने केंद्र-राज्य संबंधों पर भी परोक्ष टिप्पणी की। उन्होंने ‘बाहरी निर्देशों’ का जिक्र करते हुए संकेत दिया कि बिहार की राजनीति पर बाहरी प्रभाव बढ़ सकता है। इससे पहले भी वह सत्ता परिवर्तन पर कटाक्ष करते हुए कह चुके हैं कि अब बिहार की सरकार राज्य से बाहर से संचालित होगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि जनता को अब वास्तविक विकास की उम्मीद है।
बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाज़ी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी माहौल और गरमाने की संभावना है।
![]()
Comments are off for this post.