Last updated: May 10th, 2026 at 07:27 am

तमिलनाडु की राजनीति में नई शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कई बड़े फैसलों की घोषणा कर दी। रविवार को पद संभालते ही उन्होंने जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर फोकस करते हुए अपने पहले सरकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के लोगों को हर महीने 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष सुरक्षा बल और हेल्पलाइन शुरू करने की बात कही गई। वहीं, राज्य में बढ़ते नशीले पदार्थों के मामलों को रोकने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का भी फैसला लिया गया है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी पर रहेगा फोकस
अपने संबोधन में विजय ने साफ कहा कि उनकी सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य आम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और पानी जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर सरकार प्राथमिकता से काम करेगी। साथ ही किसानों और मछुआरों के हितों की रक्षा का भी भरोसा दिया।
भावुक भाषण से जीता लोगों का दिल
मुख्यमंत्री विजय ने अपने भाषण की शुरुआत अपने लोकप्रिय तमिल संवाद “एन नेंजिल कुदियिरुक्कुम” से की, जिसे सुनकर समर्थकों में खास उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अपने संघर्ष भरे जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक या अमीर परिवार से नहीं आते।
विजय ने कहा कि उन्होंने गरीबी और संघर्ष को करीब से देखा है और जीवन में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने खुद को जनता का बेटा और भाई बताते हुए कहा कि लोगों के प्यार और भरोसे ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
पिछली सरकार पर साधा निशाना
अपने भाषण के दौरान विजय ने पिछली सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हालत में छोड़ी गई है और उनकी सरकार भारी कर्ज के बीच काम शुरू कर रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं होने देगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रवैया अपनाएगी।
सहयोगियों का जताया आभार
विजय ने अपने राजनीतिक सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि तमिलनाडु में अब सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष राजनीति का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रवीण चक्रवर्ती और वामपंथी नेता एम.ए. बेबी सहित कई नेताओं का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
![]()
Comments are off for this post.