Last updated: June 16th, 2026 at 12:07 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप के घर इन दिनों शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल है। शिवसागर प्रखंड के बड्डी गांव में 21 जून को होने वाले तिलक समारोह से पहले पूरे परिवार और गांव में रौनक देखी जा रही है।
इसी बीच मंगलवार दोपहर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बड्डी गांव पहुंचे। वे हेलीकॉप्टर से गांव के बाहर बने हेलीपैड पर उतरे और वहां से सीधे आकाश दीप के आवास पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया, जिसमें भाजपा विधायक विक्रमनारायण सिंह, चेनारी विधायक मुरारी गौतम, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद सहित अन्य नेता शामिल रहे। मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार भी मौजूद थे।
आकाश दीप के घर पहुंचने पर उनकी मां लडूमा कुंअर ने मुख्यमंत्री का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं आकाश दीप ने स्वयं मुख्यमंत्री को बुके भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनसे मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक आकाश दीप के घर रुके और परिवार को आगामी विवाह समारोह के लिए शुभकामनाएं दीं। बताया जा रहा है कि 24 जून को आकाश दीप की शादी वाराणसी में आयोजित की जाएगी।
21 जून को उनके घर बड्डी गांव में तिलक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद इलाके में उत्सव जैसा माहौल और अधिक बढ़ गया है।
![]()
Comments are off for this post.