Last updated: May 26th, 2026 at 04:39 am

बिहार में अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच मोकामा के कुख्यात अपराधी सोनू सिहं की तलाश में पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और STF की संयुक्त टीम लगातार कई जिलों में छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
कई जिलों में चल रहा सर्च ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक सोनू सिंह पर हाल ही में पचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में हुई गोलीबारी मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस केस में उसके पिता प्रमोद सिंह और सौरव सिंह को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छपरा, सीवान, मोतिहारी, कटिहार, गया, समस्तीपुर और बेगुसराय समेत कई जगहों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
STF और पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय
सूत्रों के अनुसार इस ऑपरेशन के लिए तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। वहीं STF की स्पेशल यूनिट भी आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी राज्य से बाहर भागने की कोशिश कर सकता है, इसलिए सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी और चेकिंग बढ़ा दी गई है।
लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सोनू सिंह और उसका भाई मोनू सिंह पिछले कई वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं। दोनों पर बिहार के अलग-अलग जिलों में लूट, अपहरण और रंगदारी जैसे 30 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। बताया जाता है कि दोनों भाइयों के खिलाफ पहली बार 2009 में लूट का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद कई जिलों में उनका आपराधिक नेटवर्क लगातार बढ़ता गया।
पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। पुलिस फिलहाल उसके करीबियों और संभावित ठिकानों की भी जांच कर रही है।
![]()
Comments are off for this post.