Human Live Media

HomeCrimeबिहार टेंडर घोटाले में बड़ा खुलासा: ED की रडार पर 15 कंपनियां, रिशु श्री कनेक्शन की जांच तेज

बिहार टेंडर घोटाले में बड़ा खुलासा: ED की रडार पर 15 कंपनियां, रिशु श्री कनेक्शन की जांच तेज

पटना: बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित अनियमितताओं और घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच तेज हो गई
ed-raid

पटना: बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित अनियमितताओं और घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच तेज हो गई है। जांच एजेंसी ने 15 कंपनियों को अपनी रडार पर लिया है, जिन पर आरोप है कि उन्हें नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर सरकारी ठेके दिए गए।

Table of Contents

    सूत्रों के अनुसार, इन कंपनियों को सबसे अधिक काम नगर विकास एवं आवास विभाग की एजेंसी बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) से मिला है। इसके अलावा जल संसाधन विभाग और भवन निर्माण विभाग से भी इन्हें कई परियोजनाएं आवंटित किए जाने के मामले सामने आए हैं।

    ईडी ने जून 2025 में इन कंपनियों की पहचान कर संबंधित विभागों से इनके टेंडर और प्रोजेक्ट्स का विस्तृत ब्योरा मांगा था। जांच एजेंसी को आशंका है कि कुछ कंपनियों को प्रभावशाली नेटवर्क के जरिए सरकारी ठेके दिलाए गए, जिसमें रिशु श्री का नाम भी सामने आ रहा है।

    रिशु श्री कनेक्शन की जांच

    जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ कंपनियां जैसे रिलायबल एंटरप्राइजेज और रिलायबल इंफ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सीधे तौर पर रिशु श्री से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं। ईडी इन कंपनियों के मालिकों, निदेशकों और शेयरधारकों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।

    सूत्रों का कहना है कि कुछ कंपनियों को ब्लैकलिस्ट या डिबार होने के बावजूद करोड़ों रुपये के सरकारी ठेके दिए गए। साथ ही कई मामलों में टेंडर प्रक्रिया में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए हैं।

    दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच

    ईडी फिलहाल इन कंपनियों के टेंडर डॉक्यूमेंट्स, भुगतान रिकॉर्ड और प्रोजेक्ट अलॉटमेंट से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है। बुडको द्वारा एजेंसी को पहले ही कई महत्वपूर्ण रिपोर्ट्स सौंप दी गई हैं। फिलहाल इन कंपनियों को नए सरकारी प्रोजेक्ट नहीं दिए जा रहे हैं।

    अधिकारियों की भूमिका पर भी नजर

    जांच एजेंसियां इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसवीयू की केस संख्या 05/25 के तहत रिशु श्री की गिरफ्तारी के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।

    ईडी ने अपनी जांच के दौरान कई अधिकारियों और इंजीनियरों के बयान भी दर्ज किए हैं, जिनमें भवन निर्माण विभाग के तत्कालीन मुख्य अभियंता और बिहार प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

    कोर्ट का निर्देश

    इसी बीच निगरानी कोर्ट ने बेऊर जेल में बंद रिशु श्री के स्वास्थ्य उपचार को लेकर निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के अनुसार उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है।

    जांच के घेरे में प्रमुख कंपनियां

    ईडी की जांच सूची में शामिल प्रमुख कंपनियों में रिलायबल एंटरप्राइजेज, रिलायबल इंफ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, श्री नेस्टबिल्ड इंफ्रा, अर्बन एनवायर्नमेंटल सॉल्यूशंस, साई आशीर्वाद कंस्ट्रक्शन, रीताश्री एंटरप्राइजेज, तोशिबा वाटर सॉल्यूशंस, केवड़िया कंस्ट्रक्शन और अन्य कई कंपनियां शामिल हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.