Last updated: July 16th, 2026 at 12:05 pm

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा के भीतर जारी हलचल के बीच पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने प्रशासनिक कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि आंदोलन समाप्त कराना प्रशासन का अधिकार है, लेकिन पार्टी कार्यालय पर आंसू गैस के गोले छोड़ना और कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट करना उचित नहीं था।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं तथा इस मामले को वह भूलने वाले नहीं हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने साथ निभाने वालों और विरोध करने वालों, दोनों को याद रखते हैं।
दरअसल, दतिया उपचुनाव में टिकट वितरण के बाद असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान चक्का जाम और हंगामे की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई को लेकर अब नरोत्तम मिश्रा ने प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्यकर्ता को प्रशासनिक कार्रवाई के कारण परेशानी हुई है, तो वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
दतिया उपचुनाव के बीच आए इन बयानों ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। अब इस मामले पर भाजपा और प्रशासन की आगे की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
![]()
Comments are off for this post.