Last updated: July 30th, 2026 at 11:02 am

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को संसद भवन परिसर स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, रणनीतिक मामलों और पश्चिम एशिया में जारी संकट पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में देश की सुरक्षा तैयारियों और विभिन्न मंत्रालयों की रणनीति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने भी बैठक में हिस्सा लिया। विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, हरदीप सिंह पुरी और पीयूष गोयल भी शामिल हुए।
सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों और उसके भारत पर संभावित प्रभाव को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। विभिन्न मंत्रालयों ने अपनी-अपनी तैयारियों और आपातकालीन योजनाओं की जानकारी प्रधानमंत्री के समक्ष रखी।
बैठक में भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी भी भारतीय नागरिक या नाविक की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और यदि किसी प्रकार की घटना होती है तो भारत उसका कड़ा जवाब देगा।
इसके साथ ही देश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर भी समीक्षा की गई। जानकारी के मुताबिक, सरकार ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार कर रखी है और अगले रबी सीजन तक किसी तरह की कमी की आशंका नहीं है।
सरकार का कहना है कि बदलते वैश्विक हालात को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
![]()
Comments are off for this post.