Last updated: September 18th, 2026 at 02:50 pm

तमिलनाडु में सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों के लिए एक नई योजना शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय 28 सितंबर से बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी देने वाली योजना की शुरुआत करेंगे। राज्य सरकार ने योजना की पहली खेप के लिए 1.28 लाख एक ग्राम सोने की अंगूठियां खरीदी हैं।
सरकार के अनुसार, प्रत्येक अंगूठी पर एक यूनिक सीरियल नंबर दर्ज होगा और उसकी पैकिंग के साथ छेड़छाड़ का पता लगाने की व्यवस्था होगी।
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की गई हैं। इसके तहत बच्चे का परिवार तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना जरूरी है। यानी राज्य के स्थायी निवासियों के बच्चों को ही एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी।
इस योजना को पहले 15 सितंबर को सी.एन. अन्नादुरई की जयंती के मौके पर शुरू करने की योजना थी। हालांकि, मुख्यमंत्री विजय के लंदन दौरे के कारण इसकी शुरुआत की तारीख आगे बढ़ाई गई।
चुनावी घोषणापत्र में किया था वादा
नवजात बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी देने का वादा विजय की पार्टी टीवीके ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में किया था। पार्टी ने इस योजना को ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’ नाम दिया था।
मुख्यमंत्री बनने के बाद अब विजय सरकार इस वादे को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
शादी के लिए 8 ग्राम सोने का भी वादा
टीवीके ने चुनाव के दौरान महिलाओं से जुड़े एक अन्य वादे का भी ऐलान किया था। पार्टी के घोषणापत्र के मुताबिक, बहनों की शादी में उपहार के तौर पर 8 ग्राम सोना और अच्छी गुणवत्ता वाली सिल्क साड़ी देने की बात कही गई थी।
![]()
Comments are off for this post.