Last updated: July 14th, 2026 at 03:55 pm

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा है कि उनका पूरा ध्यान केवल चुनाव जीतने पर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन उनका लक्ष्य सिर्फ जनता का विश्वास जीतकर पहले स्थान पर रहना है।
‘मुझे सिर्फ जीत पर ध्यान देना है’
मीडिया से बातचीत में नीरज सिन्हा ने जन सुराज के प्रशांत किशोर और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि वह किसी प्रतिद्वंद्वी को चुनौती के रूप में नहीं देखते। उनके अनुसार, चुनाव में कौन क्या कर रहा है, इससे अधिक महत्वपूर्ण अपने काम और जनता के विश्वास पर ध्यान देना है।
विकास के मुद्दे पर भी दिया जवाब
बांकीपुर में सड़क और जलनिकासी की समस्याओं को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि नाला और नाली से जुड़े कार्य नगर निकाय के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। उन्होंने कहा कि हर संस्था की अपनी जिम्मेदारी तय है और उसी के अनुसार काम होता है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार भी बांकीपुर में भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी प्रेस वार्ता में कहा कि बांकीपुर से उनका वर्षों का जुड़ाव रहा है और क्षेत्र के लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है और उन्हें विश्वास है कि जनता नीरज सिन्हा को समर्थन देकर सेवा का अवसर देगी।
39 उम्मीदवार मैदान में बचे
उधर, नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव आयोग ने जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी सहित 18 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया है। इसके बाद अब बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 39 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं।
![]()
Comments are off for this post.