Last updated: July 20th, 2026 at 11:53 am

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही वह पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में उनकी यह अहम संसदीय भूमिका मानी जा रही है।
दिल्ली रवाना होने से पहले नीतीश कुमार ने अपने बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का 45वां जन्मदिन परिवार के साथ मनाया। इस अवसर पर दोनों पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया और राज्य तथा देश की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद निशांत कुमार बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल हुए। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद परिवार के साथ जन्मदिन का केक काटा गया, जिसमें नीतीश कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं।
जन्मदिन समारोह के बाद नीतीश कुमार दिल्ली रवाना हो गए, जहां वह हाल ही में आवंटित अपने सरकारी आवास में ठहरेंगे। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह उनका पहला मानसून सत्र है, इसलिए संसद में उनकी मौजूदगी पर राजनीतिक हलकों की विशेष नजर रहेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संसद सत्र के दौरान नीतीश कुमार बिहार से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न विषयों पर भी अपनी भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में राज्यसभा में उनकी पहली औपचारिक भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.