Last updated: April 27th, 2026 at 06:04 am

Bihar Breaking: बिहार सरकार ने सभी सरकारी कार्यक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक नई व्यवस्था लागू की है। इस नई गाइडलाइन के तहत अब हर सरकारी कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” से की जाएगी। इसके तुरंत बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा और फिर निर्धारित कार्यक्रम शुरू होंगे। कार्यक्रम के अंत में बिहार राज्य गीत गाकर समापन किया जाएगा।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने सभी विभागों के प्रमुखों, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि कार्यक्रमों में गीतों के गायन का क्रम क्या होगा और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
नई व्यवस्था सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे शैक्षणिक संस्थानों में भी लागू किया गया है। अब स्कूल और कॉलेजों में दिन की शुरुआत भी “वंदे मातरम्” से होगी, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा और फिर नियमित पढ़ाई शुरू होगी।
सरकार के इस फैसले को केंद्र सरकार द्वारा 28 जनवरी 2026 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप बताया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय गीत के सम्मान और उसके उचित उपयोग पर जोर दिया गया था।
वहीं दूसरी ओर, राज्य में अतिक्रमण को लेकर भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन पर बने सभी अवैध निर्माण हटाए जाएंगे, चाहे वह किसी भी व्यक्ति से जुड़ा हो। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके निजी आवास से जुड़ी संरचना पर भी कार्रवाई हो रही है, जो इस अभियान की निष्पक्षता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने यह बातें अपने गृह जिला मुंगेर दौरे के दौरान कहीं, जहां उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना और स्थानीय लोगों को संबोधित किया। सरकार का कहना है कि नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा और किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।
![]()
Comments are off for this post.