Human Live Media

HomeNews10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर फिर बढ़ी हलचल, भवन निर्माण विभाग ने जारी किया नया निर्देश

10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर फिर बढ़ी हलचल, भवन निर्माण विभाग ने जारी किया नया निर्देश

पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास चर्चा का केंद्र बन गया
3fs20skg_rabri-devi-ani_625x300_29_February_24

पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास चर्चा का केंद्र बन गया है। भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवंटित आवास खाली करने को लेकर नया निर्देश जारी किया है। विभाग का कहना है कि यह आवास अब राज्य सरकार के एक मंत्री को आवंटित किया जा चुका है।

Table of Contents

    जारी आदेश के अनुसार, बिहार सरकार में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं राबड़ी देवी के लिए हार्डिंग रोड स्थित एक अन्य सरकारी आवास निर्धारित किया गया है। विभाग ने कहा है कि नए आवंटन के बावजूद अब तक पुराने आवास को खाली नहीं किया गया है।

    राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी सरकार की ओर से आवास खाली करने संबंधी निर्देश जारी किए गए थे, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया था। हालांकि बाद में मामला शांत पड़ गया था।

    जानकारों के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार लंबे समय से 10 सर्कुलर रोड स्थित इसी आवास में रह रहा है। समय के साथ यह आवास राजनीतिक पहचान का हिस्सा बन गया और आम लोगों के बीच ‘राबड़ी आवास’ के नाम से प्रसिद्ध हो गया।

    सूत्रों का कहना है कि नई सरकार के गठन और प्रशासनिक फेरबदल के बाद आवास आवंटन की प्रक्रिया को लेकर फिर से समीक्षा की गई है। इसी क्रम में विभाग ने संबंधित आदेश जारी करते हुए आवास खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

    अब इस मामले पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चा का विषय बन सकता है।

    Loading

    Comments are off for this post.