Last updated: June 2nd, 2026 at 08:58 am

पटना: बिहार में राबड़ी आवास विवाद को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी बयानबाजी के बीच मंगलवार को जदयू नेता और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सौंपी।
मंत्री लेशी सिंह ने मुलाकात के बाद बताया कि उन्होंने राबड़ी आवास विवाद समेत कई प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन लिया है। इसके अलावा विधान परिषद चुनाव और पार्टी से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार संविधान और नियमों के अनुसार काम कर रही है और सभी फैसले कानूनी प्रक्रिया के तहत ही लिए जा रहे हैं। राबड़ी आवास विवाद को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, उन्हें निर्धारित स्थान पर जाना चाहिए।
लेशी सिंह ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी और सरकार के शीर्ष नेता हैं और अंतिम निर्णय उन्हीं के मार्गदर्शन में लिए जाएंगे।
इस बीच राबड़ी आवास विवाद को लेकर स्थिति अभी भी बनी हुई है। बिहार सरकार और भवन निर्माण विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली नहीं किया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार संबंधित बंगला अब एक मंत्री को आवंटित किया जा चुका है, जबकि राबड़ी देवी को वैकल्पिक आवास के रूप में 39 हार्डिंग रोड बंगला दिया गया है। प्रशासन ने उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास खाली करने के निर्देश दिए हैं।
राजनीतिक हलकों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
![]()
Comments are off for this post.