Human Live Media

HomeNewsलालू-राबड़ी की सुरक्षा पर विवाद खत्म? बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया, नियमों के अनुसार मिल रही पूरी सुरक्षा

लालू-राबड़ी की सुरक्षा पर विवाद खत्म? बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया, नियमों के अनुसार मिल रही पूरी सुरक्षा

बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद
1200-675-26850749-thumbnail-16×9-lalu

बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद पर बिहार पुलिस ने आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि दोनों नेताओं को नियमों के अनुसार सभी निर्धारित सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Table of Contents

    पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा बिहार विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 और राज्य सरकार के 2 मई 2017 के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है।

    स्पष्टीकरण में कहा गया है कि दोनों नेताओं को अंगरक्षक, आवास सुरक्षा, स्कॉट गार्ड और पायलट वाहन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा उनकी सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। बिहार पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल बाहरी तैनाती तक सीमित नहीं है, बल्कि विशेष शाखा (एसबी) के सादे कपड़ों में तैनात सुरक्षाकर्मी भी लगातार निगरानी में लगे रहते हैं।

    यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा श्रेणी में कटौती की है। पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया था। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनकी सुरक्षा में बदलाव राजनीतिक कारणों से किया गया है।

    इस विवाद के बीच राबड़ी देवी के सरकारी आवास से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे, जहां उन्हें आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था। बाद में उन्होंने सरकारी आदेश का पालन करने पर सहमति जताई। सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद राजद कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप आवास और पार्टी कार्यालय के बाहर प्रतीकात्मक रूप से पहरा भी दिया था।

    अब पुलिस के स्पष्ट बयान के बाद इस मुद्दे पर सियासी बहस और तेज होने की संभावना है। सरकार का कहना है कि सभी सुरक्षा प्रावधान पूरी तरह नियमों के अनुसार लागू हैं, जबकि विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बता रहा है।

    Loading

    Comments are off for this post.