Human Live Media

HomeNewsदिल्ली में पहला ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन शुरू, महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती

दिल्ली में पहला ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन शुरू, महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती

राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पहला ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन शुरू
Delhi-First-Women-Police-Station

राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पहला ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन शुरू किया गया है। इस पहल को रेखा गुप्ता सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Table of Contents

    उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में स्थापित इस महिला पुलिस थाने का शनिवार (20 जून) को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा भी मौजूद रहे।

    यह विशेष पुलिस स्टेशन पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होगा, जहां जांच अधिकारी से लेकर अन्य सभी स्टाफ पदों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।

    इस थाने का मुख्य फोकस घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अन्य गंभीर मामलों की जांच और समाधान पर रहेगा। साथ ही यहां पीड़ित महिलाओं के लिए काउंसलिंग और कानूनी सहायता की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

    अधिकारियों के अनुसार, यह थाना न केवल शिकायत दर्ज करने का केंद्र होगा बल्कि जागरूकता कार्यक्रमों और परामर्श सत्रों के जरिए महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक करेगा।

    उद्घाटन के दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि यह पहल केवल एक पुलिस व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और बच्चों के लिए विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि इस मॉडल के जरिए पीड़ितों को संवेदनशील और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

    दिल्ली पुलिस का मानना है कि यह ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन महिलाओं के प्रति अपराधों के मामलों में भरोसा बढ़ाएगा और शिकायत दर्ज कराने में आने वाली झिझक को कम करेगा।

    इस कदम को महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है।

    Loading

    Comments are off for this post.