Last updated: May 29th, 2026 at 04:48 pm

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक दिल्ली दौरे के दौरान शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान बिहार के विकास, सामाजिक योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस मुलाकात को बिहार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में बिहार की सांस्कृतिक विरासत, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में चल रही सरकारी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को भागलपुर स्थित तिलका मांझी विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता सेनानी तिलका मांझी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है। हालांकि इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार कैडर के वरिष्ठ IAS और IPS अधिकारियों के साथ भी लंबी बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से ‘विकसित बिहार’ के विजन को तेजी से लागू करने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में निवेश बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव स्तर तक पहुंचाने और प्रशासनिक सुधारों को मजबूत करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपील की।
![]()
Comments are off for this post.