Last updated: November 1st, 2026 at 02:18 pm

बिहार कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में रविवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम पहुंची। पुलिस ने यहां करीब एक घंटे तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X (@INCBihar) को संचालित करने वाले व्यक्ति और उससे जुड़े मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी जुटाई गई।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अमित कुमार मंडल को नोटिस जारी किया है। उन्हें 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित स्पेशल सेल के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने नोटिस के जरिए उनसे मोबाइल नंबर और कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल के संचालन से संबंधित कई जानकारियां मांगी हैं।
मोबाइल नंबर और सिम कार्ड की जानकारी मांगी
दिल्ली पुलिस के नोटिस के अनुसार, अमित कुमार मंडल के नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबर 9939979005 का संबंध बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल @INCBihar से सामने आया है। इसी आधार पर पुलिस ने उनसे संबंधित सिम कार्ड उपलब्ध कराने को कहा है।
इसके अलावा 1 जुलाई 2025 से अब तक इस नंबर का इस्तेमाल जिन-जिन मोबाइल फोन में किया गया है, उनकी जानकारी भी मांगी गई है। पुलिस यह जानना चाहती है कि इस अवधि में संबंधित सिम कार्ड किन उपकरणों में उपयोग हुआ।
X अकाउंट कौन चलाता है? पुलिस ने मांगी जानकारी
नोटिस में बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X अकाउंट को संचालित करने वाले व्यक्ति की जानकारी भी मांगी गई है। पुलिस ने यह बताने को कहा है कि @INCBihar हैंडल का आधिकारिक तौर पर इस्तेमाल कौन करता है।
इसके साथ ही 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच इस सोशल मीडिया अकाउंट को चलाने की अनुमति किन-किन लोगों को दी गई थी, उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है।
BNSS की धारा 94 के तहत जारी हुआ नोटिस
यह नोटिस दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, स्पेशल सेल की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी किया गया है। इस पर सब-इंस्पेक्टर देवल शेखलान के हस्ताक्षर हैं। नोटिस में FIR संख्या 50/25 का भी उल्लेख किया गया है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह FIR 13 सितंबर 2025 को दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज की गई थी। फिलहाल मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है।
अमित कुमार मंडल को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस भेजा गया है। पुलिस ने उनसे मामले से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराने को कहा है। अब 5 नवंबर को उनकी पेशी के बाद जांच में आगे क्या जानकारी सामने आती है, इस पर नजर रहेगी।
![]()
Comments are off for this post.